जयपुर के जौहरी ने नकली आभूषण देकर विदेशी महिला को लगाया 6 करोड़ का चूना

महिला साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए जौहरी गौरव सोनी के संपर्क में आई थी

प्रतीकात्मक चित्र। साभार: PixaBay

जयपुर/दक्षिण भारत। राजस्थान में जयपुर के जौहरी द्वारा नकली आभूषण से विदेशी महिला को 6 करोड़ रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी महिला चेरिश को जौहरी ने 300 रुपए का नकली आभूषण थमा दिया था।

आरोपों के अनुसार, जौहरी ने इसके बदले 6 करोड़ रुपए लिए थे। महिला को लगा कि उसने जो आभूषण खरीदा है, वह असली है। उसके पैरों तले जमीन तब खिसक गई, जब इसी साल अप्रैल में एक प्रदर्शनी लगाई गई थी।

महिला ने प्रदर्शनी में आभूषण प्रस्तुत किया था। इसी दौरान उसे पता चला कि वह जिसे करोड़ों रुपए का आभूषण समझ रही है, असल में उसकी हकीकत कुछ और है। वहां उसे विशेषज्ञों ने बताया कि आभूषण नकली है।

इसके बाद महिला अमेरिका से भारत आई। उसने जौहरी से पूछताछ की और रुपए लौटाने के लिए दबाव डाला। हालांकि तब जौहरी ने महिला के आरोपों को खारिज कर दिया था। इसके बाद महिला पुलिस के पास गई। उसने दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास से भी मदद ली।

बताया कि महिला साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए जौहरी गौरव सोनी के संपर्क में आई थी। उसने करोड़ों की रकम के लालच में आकर महिला को नकली आभूषण दिया था। अभी गौरव और उसका पिता राजेंद्र फरार हैं। पुलिस उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है।

इस मामले की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है। लोगों ने कहा है कि ऐसी हरकतों से देश की छवि खराब होती है।

About The Author: News Desk