पेमा खांडू ने तीसरी बार अरुणाचल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

राज्यपाल केटी परनायक ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

Photo: PemaKhanduBJP FB page

ईटानगर/दक्षिण भारत। भाजपा नेता पेमा खांडू ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे लगातार तीसरी बार इस राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं।

उन्हें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (अब सेना से सेवानिवृत्त) केटी परनायक ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजधानी ईटानगर के डीके स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, किरेन रिजिजू और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।

बता दें कि खांडू साल 2016 में पहली बार अरुणाचल के मुख्यमंत्री बने थे। उन्हें तीसरे कार्यकाल के लिए बुधवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। खांडू के अरुणाचल में लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से भाजपा मजबूत हुई है।

​हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस पार्टी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटों पर कमल खिला दिया था। 

About The Author: News Desk