आपके बारे में क्या कहता है 'योगा मैट' का रंग?

रंग हमारे मूड को प्रभावित करते हैं

Photo: PixaBay

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। क्या आप जानते हैं कि किसी खास रंग की ओर आकर्षित होने के पीछे भी कई कारण होते हैं? ऐसा देखने को मिलता है कि कोई रंग एक व्यक्ति को अच्छा लगता है, लेकिन वह दूसरे को कम अच्छा या अनाकर्षक लग सकता है।

'योग मैट' का रंग भी बहुत कुछ कहता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि रंग हमारे मूड को प्रभावित करते हैं। आज बाजार में हरी, बैंगनी, लाल के साथ ही बहुरंगी पैटर्न वाली मैट आसानी से उपलब्ध हैं। इसलिए उस रंग की मैट लेनी चाहिए, जो आपके मूड, ऊर्जा स्तर और मानसिक शांति के अनुकूल हो।

हरा

हरा रंग आंखों को शीतलता और मन को शांति देता है। यह व्यक्ति को प्रकृति के निकट लेकर जाता है। हरे रंग की योगा मैट यह एहसास दिलाएगी कि आप प्रकृति के करीब जा रहे हैं। हरी मैट सुख, शांति, स्फूर्ति देने वाली होती है। यह योगासन के जरिए तन और मन में ताजगी लाएगी।

लाल

लाल रंग ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक होता है। यह चित्त को स्फूर्ति देता है। इस रंग की योगा मैट पसंद करने वाले लोग दृढ़ निश्चयी और स्थिर स्वभाव के होते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लाल योगा मैट पर अभ्यास शक्ति देगा, लेकिन मानसिक शांति के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

नारंगी

यह ऐसा रंग है, जो ध्यान को काफी आकर्षित करता है। यह साहस और त्याग का भी प्रतीक है। इस रंग की योगा मैट पर योग का अभ्यास करना साहस जगाएगा और आनंद को भी बढ़ाएगा। नारंगी योगा मैट रचनात्मकता बढ़ाती है। यह आशावाद और सकारात्मकता जगाती है।

गुलाबी

गुलाबी रंग प्रेम का प्रतीक है। यह जुड़ाव पैदा करने वाला माना जाता है। इसलिए गुलाबी योगा मैट पर अभ्यास करने का मतलब है- आपको योग से प्रेम है और इसके साथ जुड़ाव गहरा होता जा रहा है। गुलाबी मैट समर्पण भाव पैदा करने में सहायक है। यह प्रतिबद्धता जाहिर करती है।

बैंगनी

बैंगनी रंग की योगा मैट बहुत सुंदर लगती है। यह आपके योगाभ्यास में भव्यता लाती है। साथ ही आपकी उपस्थिति को खास बनाती है। यह रंग शक्ति और स्थिरता का संयोजन होता है। यह आकर्षक और रहस्यमय भी होता है। बैंगनी रंग भविष्य, कल्पना और धर्मपरायणता का प्रतीक है।

नीला

नीला रंग आरामदेह माना जाता है। यह शांति और सुकून लाता है। इस रंग की योगा मैट काफी पसंद की जाती हैं। यह व्यापकता और गहराई का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें जल तत्त्व का समावेश होता है। इसे मानसिक स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है। जिन्हें मानसिक शांति चाहिए, वे इस रंग की मैट पर अभ्यास कर सकते हैं।

ज़रूर पढ़िए:
ये योगासन रखेंगे आपके दिल का ख़ास ख़याल

About The Author: News Desk