मास्को में पुतिन से मुलाकात करेंगे मोदी: रूसी मीडिया

पुतिन दिसंबर 2021 में नई दिल्ली आए थे

Photo: MEAINDIA FB page

मास्को/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करने के लिए मास्को जाएंगे। रूसी मीडिया में क्रेमलिन के एक अधिकारी के हवाले से मंगलवार को यह जानकारी दी गई। यह मुलाकात मोदी के तीसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभालने के कुछ ही दिनों के बाद हो रही है।

पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के अनुसार, तारीखें अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं, क्योंकि दोनों पक्ष संयुक्त रूप से इसकी घोषणा करेंगे।

रूसी समाचार एजेंसी तास ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह दो दिवसीय यात्रा होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों नेता इस साल के अंत में कज़ान में ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान भी मुलाकात कर सकते हैं।

रूसी राष्ट्रपति ने दिसंबर 2023 में विदेश मंत्री एस जयशंकर की रूस यात्रा के दौरान मोदी को मास्को आने का निमंत्रण दिया था। पुतिन ने उस समय कहा था, '(मोदी और मैं) सभी मौजूदा मुद्दों पर चर्चा कर सकेंगे और रूसी-भारतीय संबंधों के विकास की संभावनाओं के बारे में बात कर सकेंगे।'

दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी पर घोषणा के अनुसार, नेताओं को सालाना मिलना है। हालांकि साल 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण शिखर सम्मेलन आयोजित नहीं किया जा सका था। पुतिन दिसंबर 2021 में नई दिल्ली आए थे।

बाद में, दोनों नेताओं ने समरकंद में सितंबर 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान अलग-अलग मुलाकात की थी। मोदी की रूस की पिछली यात्रा 2019 में हुई थी, जब उन्होंने व्लादिवोस्तोक में पूर्वी आर्थिक फोरम में भाग लिया था।

About The Author: News Desk