उप्र: हाथरस में सत्संग में मची भगदड़, 60 लोगों की मौत, योगी ने दिए जांच के निर्देश

एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच होगी

Photo: MYogiAdityanath FB page

हाथरस/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के एक गांव में मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रम में भगदड़ मचने से कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एटा के एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हाथरस जिले के मुगलगढ़ी गांव में एक धार्मिक आयोजन चल रहा था, तभी भगदड़ मच गई।

उन्होंने बताया था कि आगे की जांच की जा रही है। शवों की पहचान की जा रही है।

सीएमओ एटा उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस पर (मृतकों का आंकड़ा बढ़ने से पहले) अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 25 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। 

उन्होंने बताया कि कई घायलों को भी भर्ती कराया गया है। जांच के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी। प्राथमिक कारण धार्मिक आयोजन के दौरान भगदड़ मचना बताया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। 

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। 

साथ ही, एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।

About The Author: News Desk