हाथरस भगदड़: मदद के लिए इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क, अब तक 121 लोगों की गई जान

मृतकों में से 19 की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है

Photo: @dm_hathras X account

हाथरस/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक धार्मिक कार्यक्रम में मची भगदड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 121 हो गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, कुल मृतकों में से 19 की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुधवार को धार्मिक कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की संख्या 116 है।

सात बच्चों और एक पुरुष को छोड़कर सभी हताहत महिलाएं थीं।

पीड़ित हजारों लोगों की उस भीड़ का हिस्सा थे, जो धार्मिक उपदेशक भोले बाबा के सत्संग के लिए सिकंदराराऊ क्षेत्र के फुलराई गांव के पास इकट्ठे हुए थे।

भगदड़ दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उस समय हुई, जब बाबा कार्यक्रम स्थल से निकल रहे थे।

वहीं, जिला कलेक्टर कार्यालय ने बताया कि प्रशासन द्वारा घटना की स्थिति पर दृष्टि बनाते हुए आम लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन 05722227041, 05722227042, 05722227043, 05722227045 तथा 9259189726, 9084382490 जारी किए गए हैं।

About The Author: News Desk