पुलिस ने सुरक्षा जांच के लिए 'भोले बाबा' के मैनपुरी आश्रम में प्रवेश किया

आश्रम के बाहर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है

Photo: MYogiAdityanath FB page

मैनपुरी/दक्षिण भारत। पुलिस ने धार्मिक उपदेशक जगत गुरु साकार विश्वहरि यानी भोले बाबा के आश्रम परिसर में प्रवेश किया। उसने बाद में कहा कि बाबा वहां मौजूद नहीं था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के लिए वहां गए थे।

हाथरस में प्रवचनकर्ता के समागम में भगदड़ में 121 लोगों की मौत के बाद से आश्रम के बाहर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) के जवान बुधवार रात आश्रम परिसर में घुसे।

अधिकारियों ने बताया कि आश्रम के अंदर महिलाओं समेत 50-60 सेवादार मौजूद थे।

यह पूछे जाने पर कि क्या सत्संग प्रचारक भोले बाबा आश्रम के अंदर हैं या नहीं, पुलिस अधिकारी ने कहा, वह (बाबा) न तो कल वहां थे और न ही आज।

मैनपुरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने कहा कि उपदेशक को उसके आश्रम में नहीं देखा गया। जब उनसे पूछा गया कि पुलिसकर्मी आश्रम में क्यों घुसे, तो उन्होंने कहा, हम यहां जांच के लिए नहीं आए हैं। हम यहां सुरक्षा जांचने आए हैं।

About The Author: News Desk