इस तारीख को पेश किया जाएगा केंद्रीय बजट

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी

Photo: @nsitharaman X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय बजट 2024-25 के बारे में बड़ी खबर आई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस संबंध में जानकारी दी है। 

किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत की राष्ट्रपति ने भारत सरकार की सिफारिश पर बजट सत्र 2024 के लिए संसद के दोनों सदनों को 22 जुलाई, 2024 से 12 अगस्त, 2024 तक (संसदीय कार्य की अनिवार्यताओं के अधीन) बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

किरेन रिजिजू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2024-25, तेईस जुलाई, 2024 को लोकसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।

यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अपने तीसरे कार्यकाल में प्रस्तुत किया जाने वाला पहला बजट होगा, जिसे लेकर काफी उत्सुकता है, क्योंकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा था कि इसमें कई ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे।

संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि प्रमुख सामाजिक और आर्थिक निर्णय बजट का मुख्य आकर्षण होंगे।

अप्रैल-जून में हुए लोकसभा चुनावों के कारण अंतरिम बजट फरवरी में पेश किया गया था।

About The Author: News Desk