बसपा का बड़ा दांव, इस पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी हरियाणा में विधानसभा चुनाव

आकाश आनंद ने भरोसा जताते हुए कहा कि गठबंधन सरकार यहां बहुत अच्छे नतीजे दे पाएगी

Photo: AnandAkash4495 FB page

चंडीगढ़/दक्षिण भारत। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज आम आदमी की भावना यह है कि भाजपा को सत्ता से हटाया जाए और कांग्रेस पार्टी को सत्ता से दूर रखा जाए।

उन्होंने कहा कि हम हरियाणा में अपनी-अपनी राजनीतिक पार्टियां बनाने वाले लोगों को साथ लाएंगे, जो भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ हैं और हम एक ऐसा मोर्चा बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि इससे लोगों का विश्वास बढ़ेगा और आने वाले समय में इस प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी।

चौटाला ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के एजेंट हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि वे एजेंट की तरह काम करते हैं, जबकि हम सभी वादे पूरे करेंगे।

वहीं, बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने कहा कि अगर आप गांवों में जाएंगे और लोगों से बात करेंगे तो पता चलेगा कि लोगों में कितना गुस्सा और आक्रोश है, कैसे उनकी आवाज नहीं सुनी गई, कैसे उनके लिए काम नहीं किया गया।

उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि गठबंधन सरकार यहां बहुत अच्छे नतीजे दे पाएगी। 

About The Author: News Desk