बिहार: विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या हुई

वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है

Photo: @DarbhangaPolice X account

दरभंगा/दक्षिण भारत। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बिहार के दरभंगा जिले में उनके पैतृक घर में हत्या कर दी गई।

जीतन सहनी का शव सुबह बिरौल इलाके में स्थित उनके घर के कमरे में मिला, जहां उनके सीने और पेट पर चाकू से कई वार और कट के निशान थे।

दरभंगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।

इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। सरकार मुकेश सहनी के परिवार के साथ खड़ी है।

बिहार के मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि तत्काल प्रभाव से एसआईटी गठित कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या के संभावित कारण व्यक्तिगत दुश्मनी या अन्य बड़े कारण लग रहे हैं। सरकार तत्काल प्रभाव से मामले की जांच करेगी और सच्चाई लोगों के सामने आएगी। 

राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि बिहार में क्या हो रहा है? कोई दिन बिना हत्या के नहीं बीतता। मुख्यमंत्री को शायद अब तक पता भी नहीं होगा कि राज्य में कुछ हुआ है! बिहार में कोई भी नेता सुरक्षित नहीं है। व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। बिहार भगवान भरोसे है।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में बिहार में हत्याओं की एक शृंखला शुरू हुई है। राज्य सरकार का कानून-व्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं है। बिहार अपराधियों के चंगुल में है। क्या यही है नीतीश कुमार का सुशासन?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है।

About The Author: News Desk