कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है और झामुमो भी उनके साथ है: शाह

अमित शाह ने रांची में झारखंड भाजपा की विस्तृत कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

रांची/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को रांची में झारखंड भाजपा की विस्तृत कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्मेलन में झारखंड के हर बूथ से कार्यकर्ता आए हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं, आपकी ताकत से ही झारखंड में भाजपा 9 सीटें जीती है। 

शाह ने कहा कि मैं झारखंड की जनता को भी प्रणाम करता हूं, आभार जताता हूं। साल 2014 हो, 2019 हो या 2024, मोदी के नेतृत्व में आपने हमेशा हमारी झोली कमल से भर दी है। आपके प्यार के लिए लाख-लाख बार प्रणाम।

शाह ने कहा कि अभी संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में न केवल झारखंड ने, देशभर की जनता ने भाजपा का प्रचंड समर्थन किया। साठ साल बाद, इस देश के लोकतांत्रिक इतिहास में किसी एक नेता को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। देश की जनता ने मोदी को लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य दिया है।

शाह ने कहा कि मैं आपको भरोसा देने आया हूं, चाहे मोदी सरकार हो, रघुबर दास की सरकार हो या अर्जुन मंडा की सरकार हो, भाजपा सरकार ने कुछ ऐसा नहीं किया, जिससे आपको (भाजपा कार्यकर्ता) सिर झुकाना पड़े। भाजपा सरकार ने ऐसा शासन किया है, जिससे आप जनता के बीच शान से सिर उठाकर ​जा पाएं।

शाह ने कहा कि 10 साल में कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए 84 हजार करोड़ रुपए दिए, जबकि नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के लिए 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपए दिए। झारखंड को भाजपा ने बनाया और विकास भी भाजपा ने ही किया।

शाह ने कहा कि झारखंड हमेशा से नक्सलवाद से पीड़ित राज्य था, लेकिन मोदी ने बिहार और झारखंड से नक्सलवाद को समाप्त किया है। इंडि गठबंधन वाले कहते हैं कि हमने विकास किया है। हेमंत सोरेनजी, केंद्र में 10 साल कांग्रेस ने शासन किया और 10 साल भाजपा ने, आप हिसाब लेकर आइए, मैं तो भाजपा का हिसाब लेकर आया हूं। 

शाह ने कहा कि मैं झारखंड को आज बताने आया हूं कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे भ्रष्ट सरकार है। कांग्रेस के एक सांसद के घर से 300 करोड़ रु. मिले। कांग्रेस पार्टी जवाब दे कि यह पैसा किसका है? कांग्रेस ऐसे भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है और झामुमो भी उनके साथ है।

About The Author: News Desk