कांग्रेस एक ऐसी पार्टी, जो सत्ता के लिए सत्ता में है: विजयेंद्र येडीयुरप्पा

भाजपा के सदस्यता अभियान में कर्नाटक को अव्वल बनाने का किया आह्वान

Photo: BYVijayendra FB Page

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने बुधवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी की सदस्यता लेने में कर्नाटक सबसे आगे रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा समर्थक पार्टी है, जिसने कोविड काल के दौरान लोगों को मदद पहुंचाई थी।

विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने मल्लेश्वर में भाजपा के प्रदेश कार्यालय जगन्नाथ भवन में सदस्यता अभियान शुरू करने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है, जिसे साकार करना है।

उन्होंने कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह एक ऐसी पार्टी है, जो सत्ता के लिए सत्ता में है। सत्ता के बिना कांग्रेस पार्टी बिन पानी की मछली की तरह होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के बिना जिंदा नहीं रह सकती।

विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने कहा कि भाजपा की महान विचारधारा है- देश पहले, पार्टी बाद में; संगठन सेवा करने के लिए है। देश के अन्य राजनीतिक दल कोविड के दिनों में घर बैठे थे, जबकि हमारी पार्टी ने लाखों लोगों की समस्याओं पर प्रतिक्रिया दी थी। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में न केवल भोजन किट दी थीं, बल्कि मुफ्त औषधियां भी वितरित की गई थीं।

उन्होंने कहा कि पिछली बार 1.04 करोड़ सदस्य पंजीकृत हुए थे। इस बार और भी ज्यादा सदस्य पंजीकृत होंगे। इसमें सभी जन प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि आइए, अगले 40-45 दिनों के लिए दो चरण के अभियान में भाग लें।

विजयेंद्र येडीयुरप्पा ने कहा कि भाजपा सदस्यता अभियान पर्व के शुभारंभ पर उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव भी करीब है और प्रदेशवासियों को गौरी गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हैं। इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी पहले ही कर चुके हैं।

'भाजपा देशभक्त पार्टी'

पार्टी के सह-प्रभारी सुधाकर रेड्डी ने उत्सव जैसे माहौल के लिए विजयेंद्र येडीयुरप्पा और टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा और निष्ठा वाली राष्ट्रीय पार्टी है। उन्होंने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताकर उसकी आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मिशन 'पहले परिवार, बाद में देश' है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थापना एक विदेशी ने की थी, जबकि भाजपा भारतीयों द्वारा स्थापित पार्टी है। कांग्रेस सरकार महंगाई, गैर-जिम्मेदारी और घोटालों की सरकार है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे और सिद्दरामय्या पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिद्दरामय्या को मुख्यमंत्री के पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

'कांग्रेस एक परिवार की पार्टी'

विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि कांग्रेस सदस्यों के आधार पर नहीं चलती। उसके लिए राहुल गांधी, सोनिया गांधी महत्त्वपूर्ण हैं। एक बार राहुल गांधी बोर होकर इटली चले गए तो उस पार्टी का अस्तित्व ही नहीं रहेगा।

उन्होंने कांग्रेस को 'नेताओं' की पार्टी, जबकि भाजपा को कार्यकर्ताओं की पार्टी बताया। उन्होंने पार्टी की सदस्यता का दायरा बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा की जान कार्यकर्ताओं और सदस्यों में है।

'किसी भी सूरत में चुनाव का सामना'

विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलुवादी नारायणस्वामी ने कहा कि राज्य में किसी भी सूरत में चुनाव का सामना करना पड़ सकता है, तो आइए, पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन से विकसित हुई पार्टी है। इसकी ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समाज के कई स्तंभों के रूप में काम करते हैं। साल 1980 में हम ऐसी पार्टी थे, जिसे 17 वोट मिलने पर भी खुशी होती थी। अब भाजपा सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी है। पहले, देश में 18 करोड़ और प्रदेश में 1.04 करोड़ सदस्य थे। अब हमारी ताकत बढ़ रही है।

इस मौके पर सांसद गोविंद करजोला, सांसद पीसी मोहन, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. अश्वत्थनारायण, विधान परिषद सदस्य सीटी रवि, राज्य प्रमुख सचिव सुनील कुमार, प्रीतम गौड़ा, विधायक गोपालैया, राममूर्ति, एसआर विश्वनाथ, मुनिरत्न, चैंबर्स समन्वयक दत्तात्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, कोर कमेटी के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, पार्टी नेता मौजूद थे।

प्रदेश महासचिव एवं सदस्यता अभियान के संयोजक नंदीश रेड्डी ने सबका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में 50.31 लाख से ज्यादा लोग सदस्य बने हैं। कर्नाटक में 5 लाख से ज्यादा सदस्य पंजीकृत हो चुके हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान सचिव पी राजीव ने की।

About The Author: News Desk