आबकारी नीति मामला: जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए केजरीवाल

नेताओं व कार्यकर्ताओं ने 'जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए' जैसे नारे लगाए

Photo: AAPkaArvind FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। उच्चतम न्यायालय ने उन्हें सीबीआई द्वारा जांच किए जा रहे आबकारी नीति मामले में जमानत दे दी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी (आप) के सैकड़ों कार्यकर्ता और वरिष्ठ पार्टी नेता केजरीवाल का स्वागत करने के लिए जेल के बाहर इंतजार कर रहे थे।

बारिश में भीगते हुए मान, सिसोदिया ने एक ट्रक के ऊपर से केजरीवाल के समर्थन में नारे लगाए। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने 'जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए', 'भ्रष्टाचार का एक ही काल, केजरीवाल, केजरीवाल' जैसे नारे लगाए।

केजरीवाल तिहाड़ जेल से कार में निकले। उनके पीछे उनका सुरक्षा काफिला भी था। आप प्रमुख को 26 जून को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में उनकी गिरफ्तारी को बरकरार रखने वाले दिल्ली उच्च न्यायालय के 5 अगस्त के आदेश को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है।

12 जुलाई को सर्वोच्च न्यायालय ने कथित दिल्ली आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी।

तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अपने पहले बयान में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वे देश को कमजोर करने के लिए काम कर रहीं 'राष्ट्र-विरोधी' ताकतों से लड़ते रहेंगे और जेल जाने से उनका संकल्प और मजबूत हुआ है।

दिल्ली आबकारी नीति मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद केजरीवाल जेल से बाहर निकले, जहां उनकी पार्टी के नेताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
 
एक वाहन की सनरूफ पर खड़े होकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'वंदे मातरम्' के नारे लगाए।

About The Author: News Desk