झामुमो के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं: मोदी

प्रधानमंत्री ने झारखंड के जमशेदपुर में जनसभा को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

जमशेदपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बारिश कितनी ही तेज क्यों न हो, रुकावटें कितनी ही ज्यादा क्यों न हो, लेकिन कोई भी रुकावट मुझे आपसे अलग नहीं कर सकती है। मैं आपके दर्शन किए बिना वापस नहीं जा सकता, इसलिए सड़क मार्ग से ही आप सबके दर्शन करने पहुंच गया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं क्रांति और बलिदानों की धरती, भगवान बिरसा मुंडा के तप, त्याग और आशीर्वाद की धरती को प्रणाम करता हूं। आज करमा पूजा के उमंग के बीच यहां आने से पहले मुझे झारखंड को विकास की कई बड़ी सौगात देने का सौभाग्य भी मिला। मैं आप सबको करमा पर्व की बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के हजारों गरीबों को पीएम आवास योजना के जरिए पक्के घर भी मिले हैं। इनमें से ज्यादातर घर मेरी माताओं-बहनों के नाम पर हैं। आज आपका यह भाई करमा पर्व के अवसर पर अपनी बहनों को पक्के घर का उपहार देकर धन्य हो गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में सारा विपक्ष मोदी को हराने के लिए बेचैन था। पूरी जमात, बड़े-बड़े षड्यंत्र, बड़ी-बड़ी साजिशें, झूठ की इतनी बड़ी मशीनरी, देश को बांटने और तोड़ने वाली ताकतें, लेकिन आपका आशीर्वाद उन सब पर भारी पड़ा। मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद के लिए भी आपका धन्यवाद करता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के दलित-वंचित, गरीब-आदिवासी और महिलाओं का भरोसा मोदी पर है। आज युवाओं का भरोसा मोदी पर है, मध्यम वर्ग का भरोसा मोदी पर है। झारखंड और भाजपा का रिश्ता सिर्फ एक राजनीतिक रिश्ता नहीं है। यह रिश्ता दिल का है, अपनेपन का है। झारखंड का सपना भाजपा का अपना सपना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आकांक्षी जिला योजना के जरिए झारखंड के पिछड़े जिलों के विकास की चिंता पहली बार किसने की? भाजपा की सरकार ने। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत किसने की? भाजपा की सरकार ने।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी भाजपा केंद्र में रहकर झारखंड के विकास के लिए पूरे समर्पण और सेवाभाव से काम कर रही है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप राज्य सरकार में भाजपा को मौका दीजिए, झारखंड के विकास के लिए भाजपा कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन हैं - झामुमो, राजद और कांग्रेस। झारखंड के निर्माण का बदला आज भी राजद झारखंड से उतारता है और कांग्रेस को तो झारखंड से नफरत है ही। ये झामुमो वाले, जिन्होंने आदिवासियों के वोट से अपनी राजनीति चमकाई, आज वो किसके साथ खड़े हैं? ये लोग आदिवासियों के जंगल जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो के लोग बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए और कट्टरपंथी झामुमो को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। इनके लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर भी घुस गए हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि झामुमो में कांग्रेस का भूत घुस गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब किसी पार्टी में कांग्रेस का भूत घुस जाता है, तो तुष्टीकरण ही उस दल का इकलौता एजेंडा बन जाता है। इसके लिए सबसे पहले ये लोग दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के हितों की बलि चढ़ाते हैं। यही हाल झामुमो का भी हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस जैसे दलों को आपका वोट नहीं चाहिए। ये दल मजहब के नाम पर अपना वोटबैंक बनाना चाहते हैं। यही समय है, हमें इस खतरे को यहीं पर रोकना होगा।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि इस देश की सबसे बेईमान और महाभ्रष्ट पार्टी एक ही है- कांग्रेस पार्टी। इस देश का सबसे भ्रष्ट परिवार एक ही है- कांग्रेस का परिवार। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं वहीं से निकलती हैं। ये झामुमो वाले भी उसी स्कूल से ट्रेनिंग लेते हैं- कांग्रेस स्कूल ऑफ करप्शन।

प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो ने 5 साल में एक ही काम किया है- झारखंड की लूट और चारों तरफ भ्रष्टाचार। झामुमो सरकार ने जल, जंगल और जमीन, सबमें भ्रष्टाचार किया है। मैं वादा करता हूं कि झारखंड में कुछ महीनों के बाद जब भाजपा की सरकार बनेगी, राजग की सरकार बनेगी तो इन सारे मामलों की जांच करवाई जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वादे करना और उन्हें पूरा करना सिर्फ भाजपा करती है। हमने 70 साल और उससे अधिक उम्र के हर बुजुर्ग को मुफ्त इलाज की गारंटी दी थी। कुछ दिन पहले ही हमारी सरकार ने उस फैसले पर मुहर लगा दी है।

About The Author: News Desk