हरियाणा: इन सीटों पर 'आप' ने फेरा कांग्रेस के अरमानों पर पानी

दोनों पार्टियों ने अपने दम पर चुनाव लड़ा

Photo: AamAadmiParty FB Page

चंडीगढ़/दक्षिण भारत। हरियाणा विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद आंकड़ों का विश्लेषण जारी है। राजनीतिक दल भी चुनाव के गुणा-गणित में व्यस्त हैं। राज्य में चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा थी, लेकिन वह आकार नहीं ले सका और दोनों पार्टियों ने अपने दम पर चुनाव लड़ा।

चुनाव नतीजों के आंकड़े बताते हैं कि 'आप' को भले ही किसी सीट पर कामयाबी नहीं मिली, लेकिन उसने कई जगह कांग्रेस के अरमानों पर खूब पानी फेरा। वहां कांग्रेस उम्मीदवार 'आप' द्वारा वोट काटे जाने से मामूली अंतर से हार गए।

डबवाली सीट पर कांटे की टक्कर में आखिरकार बाज़ी इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार आदित्य के हाथ लगी, जो सिर्फ 610 वोटों के अंतर से जीत गए। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार अमित सिहाग दूसरे स्थान पर रहे। यहां आम आदमी पार्टी के कुलदीप सिंह गडराना को 6606 वोट मिले थे।

कुछ ऐसा ही मुकाबला असंध में देखने को मिला, जहां भाजपा के योगिंदर सिंह राणा 2306 वोटों के अंतर से जीत गए। यहां कांग्रेस उम्मीदवार शमशेर सिंह गोगी दूसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर 'आप' के अमनदीप सिंह जुंडला ने 4290 वोट लेकर कांग्रेस का खेल बिगाड़ दिया।

उचाना कलां में मुकाबला बेहद रोचक रहा। यहां भाजपा के देवेंदर चतरभुज अत्तरी सिर्फ 32 वोटों के अंतर से जीत गए। कांग्रेस उम्मीदवार ब्रजेंद्र सिंह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 'आप' के पवन फौजी 2495 वोट लेने में कामयाब रहे। यहां जजपा के दुष्यंत चौटाला महज 7950 वोट लेकर पांचवें स्थान पर रहे।

रानिया में भी 'आप' ने कांग्रेस के समीकरण बिगाड़े। यहां इंडियन नेशनल लोकदल के अर्जुन चौटाला 4191 वोटों के अंतर से जीते। वहीं, कांग्रेस के सर्वमित्र मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे। यहां भी 'आप' ने खूब वोट तोड़े। उसके उम्मीदवार हरपिंदर सिंह के खाते में 4697 वोट आए।

दादरी में कांग्रेस उम्मीदवार मनीषा सांगवान 1957 वोटों के अंतर से हार गईं। यहां भाजपा के सुनील सांगवान जीते हैं। 'आप' के धनराज सिंह 1339 वोट लेने में कामयाब हुए। कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी अच्छी-खासी तादाद में वोट ले गए। अगर यहां कांग्रेस अपनी रणनीति बदलती तो नतीजा कुछ और होता।

About The Author: News Desk