रतन टाटा का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया

मुंबई पुलिस ने बंदूकों की सलामी के साथ टाटा को श्रद्धांजलि दी

Photo: ratantata Instagram account

मुंबई/दक्षिण भारत। प्रख्यात उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम मध्य मुंबई स्थित श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। मुंबई पुलिस ने बंदूकों की सलामी के साथ टाटा को श्रद्धांजलि दी।

उद्योग जगत के इस दिग्गज के परिवार के सदस्य, जिनमें उनके सौतेले भाई नोएल टाटा और टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन जैसे शीर्ष अधिकारी शामिल थे, वर्ली स्थित श्मशान घाट पर मौजूद थे।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उनके कैबिनेट सहयोगी पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

श्मशान घाट पर मौजूद एक पुजारी ने बताया कि अंतिम संस्कार पारसी परंपरा के अनुसार किया गया। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित बंगले में तीन दिन तक अनुष्ठान किए जाएंगे।

पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा (86) का बुधवार देर रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था।

About The Author: News Desk