पुतिन ही नहीं, सोशल मीडिया पर छा गई यह रूसी सुंदरी

वे सोशल मीडिया की सनसनी बन चुकी हैं

Photo: viallentinka Instagram account

मॉस्को/दक्षिण भारत। रूस के कज़ान में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सोशल मीडिया में काफी चर्चा है। भारत का यह मित्र देश अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी जाना जाता है। 

सोशल मीडिया में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत जो लोग चर्चा में हैं, उनमें वैलेंटिना अलेक्सेवा भी हैं। इस रूसी सुंदरी की उम्र सिर्फ 18 साल है, लेकिन वे सोशल मीडिया की सनसनी बन चुकी हैं। 

मिस रशिया 2024 का खिताब जीत चुकी वैलेंटिना नवंबर में मैक्सिको सिटी में होने जा रही 'मिस यूनिवर्स 2024 प्रतियोगिता' में अपने देश का प्रतिनिधित्व भी करेंगी।

वैलेंटिना मॉस्को की पिरोगोव मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं और भविष्य में डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहती है। वे पढ़ाई के अलावा फिटनेस योग और डांस में दिलचस्पी रखती हैं। इसके अलावा वे बैले की शौकीन भी हैं। हालांकि अब वे चिकित्सा विज्ञान की पढ़ाई की ओर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।

वैलेंटिना कहती हैं कि वे अपने उदाहरण से यह दिखाना चाहती हैं कि मिस रशिया न सिर्फ खूबसूरत हो सकती है, बल्कि अच्छी तरह से शिक्षित भी हो सकती है। 

उनकी पसंदीदा किताबें दोस्तोवस्की की 'क्राइम एंड पनिशमेंट' और सेलिंगर की 'कैचर इन द राई' हैं। उनका पसंदीदा भोजन पेल्मेनी (स्थानीय पकौड़े) और चुवाश खुपला पाई है।

प्रतियोगिता में वेलेंटीना ने सफेद हंस के रूप में 'बर्ड ऑफ हैप्पीनेस' चैरिटी परियोजना का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य काम बीमार बच्चों की मदद करना है।

उन्होंने चुवाश शैली की चमकदार पोशाक में नृत्य भी किया। लाल और हरे रंग की पोशाक को पारंपरिक चुवाश पैटर्न के साथ कढ़ाई से सजाया गया था।

प्रतियोगिता में रूस के विभिन्न इलाकों से 85 से ज्यादा लड़कियों ने भाग लिया और सिर्फ 50 फाइनल तक पहुंचीं।

विजेता को एक ताज के साथ 1 मिलियन रूबल का नकद इनाम भी मिलता है। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली लड़कियों को रूस के विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए अनुदान मिलता है।

बता दें कि मिस रशिया प्रतियोगिता साल 1993 से आयोजित की जा रही है। इसमें 18 से 23 साल की कोई भी अविवाहित लड़की किस्मत आजमा सकती है।

About The Author: News Desk