Dakshin Bharat Rashtramat

'आप' ने झूठ बोलकर वोट बटोरे और आगे बढ़ने का काम किया: अमित शाह

शाह ने दिल्ली के नरेला में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया

'आप' ने झूठ बोलकर वोट बटोरे और आगे बढ़ने का काम किया: अमित शाह
Photo: BJP X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दिल्ली के नरेला में भाजपा की एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज 76वां गणतंत्र दिवस है। इन 75 वर्षों में देश की जनता ने देश के लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया है।

शाह ने कहा कि यह लोकतंत्र का ही कमाल है कि एक गरीब चाय वाले का बेटा तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर आया है। यह लोकतंत्र का ही कमाल है कि एक गरीब आदिवासी की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनी हैं। एक सामान्य जाट किसान का बेटा भारत का उपराष्ट्रपति बना है। इससे पहले एक एक गरीब दलित के बेटे रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बने थे।

शाह ने कहा कि केजरीवाल के कुशासन का अंत 8 तारीख को होगा। केजरीवाल के शासन के दौरान दिल्ली बद से बदतर हो गई। दस साल में, देश के कई राज्य जहां पर डबल इंजन की सरकार बनी, वे कहां से कहां पहुंच गए, लेकिन दिल्ली को जलभराव, गंदे पानी, कूड़े से जूझना पड़ रहा है।

शाह ने कहा कि 'आप' ने न केवल अव्यवस्थाएं फैलाईं, बल्कि हमारे पूर्वांचलियों का अपमान भी किया है। ये कहते हैं कि पूर्वांचली फर्जी वोटर हैं। केजरीवालजी, क्या बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से आए मेरे भाई-बहनों को दिल्ली में वोट देने का अधिकार नहीं है?

शाह ने कहा कि देशभर में सभी को 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत पांच लाख तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है, लेकिन केजरीवाल के कारण दिल्ली के लोगों को ये फायदा नहीं मिल रहा है। 

शाह ने कहा कि दिल्ली वाले चिंता न करें, 'आप-दा' जाने वाली है, कमल आने वाला है। हम पांच लाख नहीं, 10 लाख तक का इलाज मुफ्त देंगे।

शाह ने कहा कि 'आप' ने झूठ बोलकर वोट बटोरे और आगे बढ़ने का काम किया है। 'आप' का मतलब है- अवैध आमदनी वाली पार्टी। दिल्ली के पैसों से ये पंजाब, गुजरात, गोवा ... का चुनाव लड़ते हैं।

शाह ने कहा कि इन्होंने (आप) कहा कि हम राजनीतिक लोग नहीं हैं, हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा, हम कांग्रेस का समर्थन नहीं लेंगे, लेकिन कांग्रेस का समर्थन लिया। इन्होंने कहा था कि हम सिक्योरिटी, गाड़ी और बंगला नहीं लेंगे। इन्होंने सिक्योरिटी ली, गाड़ी ली और करोड़ों का शीश महल बनवाया।

शाह ने कहा कि केजरीवाल ने यमुना की सुध नहीं ली, लेकिन 8 फरवरी को आप दिल्ली में हमारी सरकार बना दे। तीन साल में हम यमुना रिवर फ्रंट बनाकर यमुना को शुद्ध करने का काम करेंगे।

About The Author: News Desk

News Desk Picture