Dakshin Bharat Rashtramat

राजस्थान को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार: दीया कुमारी

150 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी

राजस्थान को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार: दीया कुमारी
Photo: diyakumari FB Page

जयपुर/दक्षिण भारत। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया और घोषणा की कि सरकार राज्य को 350 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दीया कुमारी, जिनके पास वित्त विभाग भी है, ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव घोषणापत्र में किए गए 58 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं तथा पिछले बजट की 73 प्रतिशत घोषणाएं पूरी कर दी हैं।

उन्होंने घोषणा की कि लगभग 2 लाख नए घरों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराये जाएंगे और इस पहल पर 400 करोड़ रुपए खर्च होंगे। राज्य सरकार ने यातायात की भीड़ को कम करने के लिए राजस्थान के 15 शहरों में रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव रखा है।

राजस्थान सरकार 60,000 करोड़ रुपए की लागत से नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगी। अगले एक साल में 1.25 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे।

दीया कुमारी ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान आत्मनिर्भर होगा। 150 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। 50,000 कृषि व 5 लाख घरेलू विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। तकनीकी शिक्षण संस्थानों में स्पोर्ट्स कोटा लागू किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को पंख लगेंगे। 975 करोड़ की लागत से धार्मिक पर्यटन स्थलों का होगा विकास एवं इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के होंगे काम। देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली बालिकाओं के लिए 10 जिला मुख्यालयों पर गर्ल चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट स्थापित किए जाने प्रस्ताव है।

आमजन को निःशुल्क जांच एवं दवा सेवाओं के लिए 3500 करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य कोष का गठन किया जाएगा। महिलाओं के लिए 500 से अधिक पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को सप्ताह में 3 दिन से बढ़ाकर अब 5 दिन दूध मिलेगा।

About The Author: News Desk

News Desk Picture