बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को सोमवार रात को यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन पर दुबई से 14.8 किग्रा सोना अवैध रूप से लाने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रान्या राव पुलिस महानिदेशक (पुलिस आवास निगम) रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। उन्हें राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद उन्हें आर्थिक अपराध न्यायालय में पेश किया गया। वे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दी गई हैं।
बताया जा रहा है कि रान्या राव पर एजेंसी को शक था। वे दुबई से बेंगलूरु का हवाई सफर कर रही थीं। उनके बार-बार दुबई जाने से शक गहरा गया था। रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि उन्होंने लगभग एक पखवाड़े में चार बार दुबई का सफर किया था। इसके बाद उन पर नजर रखी गई और शक हकीकत में तब्दील हो गया।
एक और रिपोर्ट के अनुसार, डीआरआई टीम को रान्या राव की कथित गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी। ऐसे में उसके अधिकारी संबंधित विमान के आने से काफी पहले ही हवाईअड्डा पहुंच गए थे। शाम सात बजे जैसे ही विमान उतरा, टीम सक्रिय हो गई और गिरफ्तारी को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार, रान्या राव ने काफी सोना पहन रखा था। उन्होंने तस्करी के लिए अपने कपड़ों में भी सोने की छड़ें छिपा रखी थीं। उन्होंने गिरफ्तारी से पहले अपने संबंधों का इस्तेमाल करना चाहा, लेकिन वह दांव काम नहीं आया।
रान्या राव ने साल 2014 की कन्नड़ फिल्म 'माणिक्या' से अपने करियर की शुरुआत की थी। वे मूलत: कर्नाटक के चिकमंगलूरु जिले से हैं। उन्होंने बेंगलूरु से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद अभिनय में डिग्री हासिल की थी।