नई दिल्ली/दक्षिण भारत। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि नए आयकर विधेयक पर संसद के मानसून सत्र में चर्चा की जाएगी।
लोकसभा में वित्त विधेयक 2025 पर चर्चा का जवाब देते हुए सीतारमण ने कहा कि नया आयकर विधेयक, जिसे 13 फरवरी को सदन में पेश किया गया था, वर्तमान में प्रवर समिति द्वारा जांचा जा रहा है।
प्रवर समिति को संसद के अगले सत्र के पहले दिन तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
सीतारमण ने कहा, ‘हम इसे (नए आयकर विधेयक को) मानसून सत्र में लाएंगे।’
संसद का मानसून सत्र आमतौर पर जुलाई से शुरू होता है और अगस्त तक चलता है।
आयकर विभाग ने पहले कहा था कि सरलीकृत आयकर विधेयक, जो वर्ष 1961 के आयकर अधिनियम का आधा है, मुकदमेबाजी और नई व्याख्या की गुंजाइश को कम करके कर निश्चितता हासिल करने का प्रयास करता है।
नए विधेयक में शब्दों की संख्या 2.6 लाख है, जो आयकर अधिनियम में 5.12 लाख से कम है। मौजूदा कानून में 819 प्रभावी धाराओं के मुकाबले इसमें धाराओं की संख्या 536 है।
अध्यायों की संख्या भी 47 से घटाकर आधी 23 कर दी गई है।
आयकर विधेयक 2025 में मौजूदा अधिनियम में 18 तालिकाओं की तुलना में 57 तालिकाएं हैं तथा 1,200 प्रावधान और 900 स्पष्टीकरण हटा दिए गए हैं।