नई दिल्ली। पंजाब सरकार के मंत्री सिद्धू की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पाकिस्तान से लौटने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर जो टिप्पणी की, उससे कई मंत्री और विधायक नाराज हैं। वहीं अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ उनका एक वीडियो काफी चर्चा में है। इसमें सिद्धू पाकिस्तान की खूब तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहल हमेशा पाकिस्तान ने की है।
दरअसल एक पाकिस्तानी टीवी चैनल ने सिद्धू से पूछा कि करतारपुर गलियारे का श्रेय किसे देना चाहते हैं, तो इसके जवाब में सिद्धू ने कहा कि श्रेय जाता है 12 करोड़ नानक नामलेवा को, जो अरदास करते थे, दुआ करते थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को श्रेय जाता है। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री को श्रेय जाता है, लेकिन पहल हमेशा पाकिस्तान ने की है।
सिद्धू जी आपको शर्म नही आई पाकिस्तानी टीवी चैनल पर ये कहते हुए की शांति की पहल हमेशा पाकिस्तान ने की है । @capt_amarinder साहब क्या आप सिद्धू से सहमत है अगर नही तो क्या उसे कैबनेट से बाहर करेंगे ? pic.twitter.com/NQylL1yHE2
— Tajinder Pal Singh Bagga (@TajinderBagga) December 2, 2018
पाकिस्तान की इस तरह तारीफ के बाद सिद्धू एक बार फिर आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सिद्धू को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्हें समझना चाहिए कि धार्मिक स्थल कोई लाफ्टर चैलेंज नहीं है। वहीं पाकिस्तान को लेकर कई बार विवादों में घिरने के बाद सिद्धू के लिए कहा जा रहा है कि उन्हें गंभीर राजनेता की तरह व्यवहार करना चाहिए।
कैप्टन अमरिंदर पर टिप्पणी से विवाद गहराने के बाद सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने कहा कि सिद्धू हमेशा कहते हैं कि कैप्टन साहब उनके पिता की तरह हैं। हम यह बात हमेशा स्पष्ट रखते हैं कि कैप्टन साहब का सम्मान सभी चीजों से ऊपर है। दूसरी ओर पंजाब सरकार के मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने भी सिद्धू के बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, ‘मैं यह सुनकर थोड़ा नाराज हूं। बिलकुल राहुल गांधी हमारे इंडियन कैप्टन हैं लेकिन सिद्धू यह भूल गए कि अमरिंदरजी हमारे मुख्यमंत्री हैं। उन्हें सम्मान करना चाहिए। यह कपिल शर्मा का शो नहीं है।’