अभिनेता पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन

अभिनेता पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन

फिल्मी हस्तियों से लेकर आमजन तक सोशल मीडिया पर याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं


बेंगलूरु/दक्षिण भारत। अभिनेता पुनीत राजकुमार का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से बेंगलूरु के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 46 साल के थे। इस ख़बर से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें सीने में दर्द के बाद यहां विक्रम अस्पताल में भर्ती ​कराया गया था। पुनीत के प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वास्थ होकर लौट आने की कामना कर रहे थे लेकिन ऐसा हो न सका।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने ट्वीट किया, 'मुझे गहरा दुख है कि कन्नड़ हस्ती पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कन्नड़िगर के पसंदीदा अभिनेता अप्पू के निधन से कन्नड़ और कर्नाटक को भारी नुकसान हुआ है और मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनकी आत्मा पर दया करें और उनके प्रशंसकों को इस दर्द को सहने की शक्ति दें।'

बता दें कि पुनीत राजकुमार को सुबह 11.30 बजे सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति गंभीर थी। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि सेहत के लिहाज से आगामी कुछ घंटे अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। अभिनेता आईसीयू में थे।

इसके बाद अस्पताल के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। वहीं बेंगलूरु में कई जगह दुकानें बंद होने और ट्रैफिक जाम की स्थिति हो गई। 

पुनीत राजकुमार को फिल्मी हस्तियों से लेकर आमजन तक सोशल मीडिया पर याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। चिरंजीवी ने ट्वीट किया, 'हैरान करने देने वाला और ​हृदयविदारक।'

लक्ष्मी मांचू ने कहा, 'यह सच नहीं हो सकता! यह कैसे हो सकता है?' महेश बाबू ने पुनीत राजकुमार को सबसे विनम्र लोगों में से एक के रूप में याद किया है। 

पुनीत राजकुमार दिग्गज अभिनेता राजकुमार के बेटे थे। वे अपने प्रशंसकों में 'अप्पू' के तौर पर भी विख्यात थे। उन्होंने 2002 में आई फिल्म में बतौर नायक करियर का आगाज किया था। 17 मार्च, 1975 को जन्मे लोहित राजकुमार ने 1976 में 'प्रेमदा कनिके' और 'आरती' में बाल कलाकार के तौर पर शुरुआत की थी। 

पुनीत ने 2012 में 'कन्नड़दा कोट्याधिपति' के प्रस्तुतकर्ता के रूप में अपना टीवी डेब्यू किया था। यह गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का कन्नड़ संस्करण था। पुनीत के परिवार में पत्नी अश्विनी रेवंत और दो बच्चे हैं।

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

Google News
Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News