पद से हटाए जाने की संभावना पर बोले येडियुरप्पा- निर्देश मिलने पर उचित निर्णय लूंगा
पद से हटाए जाने की संभावना पर बोले येडियुरप्पा- निर्देश मिलने पर उचित निर्णय लूंगा
बेलगावी/भाषा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा ने खुद को पद से हटाए जाने की संभावना पर रविवार को कहा कि आज शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आलाकमान से निर्देश मिलने के बाद वे उचित निर्णय लेंगे।
दिल्ली से पार्टी आलाकमान से आज शाम तक निर्देश प्राप्त हो जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘शाम तक अगर निर्देश मिलेंगे तो आपको भी इसके बारे में पता चल जाएगा, एक बार निर्देश मिल जाने पर मैं उचित निर्णय लूंगा।’
बेंगलूरु में रविवार को हो रहे संत समागम के बारे में पूछे जाने पर येडियुरप्पा ने कहा, ‘संतों को किसी तरह की बैठक करने की जरूरत नहीं है, मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भरोसा है।’
उल्लेखनीय है कि संत समागम के आयोजन को येडियुरप्पा के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के तौर पर देखा जा रहा है।उनके स्थान पर दलित मुख्यमंत्री लाए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं इसके बारे में फैसला नहीं ले सकता हूं, यह फैसला आलाकमान करेगा। पहले यह देखना होगा कि वे आज क्या फैसला लेते हैं।’
यह पूछने पर कि क्या वह अपने दो वर्षों के काम से संतुष्ट हैं, उन्होंने कहा, ‘अगर आप संतुष्ट हैं तो मेरे लिए यह काफी है।’
ಭಾರಿ ಮಳೆ, ಪ್ರವಾಹದಿಂದ ಬಾಧಿತಗೊಂಡಿರುವ ಬೆಳಗಾವಿಯ ಹಿರಣ್ಯಕೇಶಿ ನದಿಪಾತ್ರದ ವಿವಿಧ ಸ್ಥಳಗಳಿಗೆ ಇಂದು ಭೇಟಿ ನೀಡಿ ಪರಿಶೀಲನೆ ನಡೆಸಲಾಯಿತು. ಬಳಿಕ ಕಾಳಜಿ ಕೇಂದ್ರಕ್ಕೆ ತೆರಳಿ, ಸಂತ್ರಸ್ತರ ಅಹವಾಲುಗಳನ್ನು ಆಲಿಸಲಾಯಿತು. ಮನೆಗಳ ನಿರ್ಮಾಣ ಸೇರಿದಂತೆ ಸಂತ್ರಸ್ತರಿಗೆ ಸೂಕ್ತ ಪರ್ಯಾಯ ವ್ಯವಸ್ಥೆ ಹಾಗೂ ಪರಿಹಾರವನ್ನು ಸರ್ಕಾರದಿಂದ ಒದಗಿಸಲಾಗುವುದು pic.twitter.com/uE7YgeUpXa
— B.S. Yediyurappa (@BSYBJP) July 25, 2021
यह संकेत देते हुए कि सोमवार रात मुख्यमंत्री के पद पर उनका आखिरी दिन होगा, येडियुरप्पा ने हाल में कहा था कि केंद्रीय नेताओं द्वारा 25 जुलाई को निर्देश मिलने के आधार पर वह 26 जुलाई से ‘अपना काम’ शुरू करेंगे।
उनकी सरकार 26 जुलाई को अपने दो साल पूरे करेगी। इस बीच, रविवार को यहां हो रहे विशाल संत समागम में कई संतों के भाग लेने की उम्मीद है, जो येडियुरप्पा को पद से हटाए जाने के भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के संभावित निर्णय के बीच हो रहा है।
येडियुरप्पा बाढ़ एवं बारिश से प्रभावित बेलागावी जिले में राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा करने के लिए यहां हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात करने और कुछ प्रभावित गांवों का दौरा करने तथा वहां की स्थिति का विश्लेषण करने के बाद बेंगलूरु वापस जाएंगे।
Comment List