'महान नेताओं के सामूहिक दृष्टिकोण ने हमें विविधतापूर्ण संविधान दिया'
रेल पहिया कारखाना ने 76वां गणतंत्र दिवस मनाया
विभिन्न विभागों की उपलब्धियों का उल्लेख किया
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। रेल पहिया कारखाना ने 76वां गणतंत्र दिवस आरडब्ल्यूएफ स्टेडियम में मनाया। महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे महान नेताओं के सामूहिक दृष्टिकोण ने हमें विविधतापूर्ण और जीवंत लोकतांत्रिक संविधान दिया है।
चंद्रवीर रमण ने विभिन्न विभागों की उपलब्धियों का उल्लेख किया और सराहनीय कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में आरडब्ल्यूएफ ने 1,53,668 पहिए, 66,001 एक्सल और 75,592 व्हीलसेट का उत्पादन किया है।उन्होंने कहा कि व्हील शॉप ने जुलाई 2024 में 700 हीट्स का उपयोग किया और 20,024 पहियों का उत्पादन किया, जो आरडब्ल्यूएफ के इतिहास में अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। आरडब्ल्यूएफ ने विभिन्न वैगन निर्माताओं और रेलवे को 10,272 व्हीलसेट भेजे हैं।
चंद्रवीर रमण ने बताया कि आरडब्ल्यूएफ अस्पताल ने एचपीवी टीकाकरण की व्यवस्था की, जो 9-26 वर्ष की लड़कियों के लिए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए एक निवारक टीका है। यह रेलवे अस्पताल टीबी उन्मूलन के लिए प्रतिबद्धता है। इसके लिए 100 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है।
समारोह के दौरान आरडब्ल्यूएफ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष शिवानी सिंह ने केवी/आरडब्ल्यूएफ के कक्षा दसवीं और बारहवीं के टॉपर्स को पुरस्कार दिए। उन्होंने बाद में संगठन की अन्य पदाधिकारियों के साथ रेलवे अस्पताल में फल वितरित किए तथा मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।