महिला संग नेपाल के नाइट क्लब में नज़र आए राहुल गांधी, कांग्रेस ने दी सफाई

महिला संग नेपाल के नाइट क्लब में नज़र आए राहुल गांधी, कांग्रेस ने दी सफाई

भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ट्विटर हैंडल से वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, जब मुंबई पर हमला हुआ था तब भी राहुल एक नाइटक्लब में थे


नई दिल्ली/काठमांडू/दक्षिण भारत। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक और विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल एक वीडियो में नाइट क्लब पार्टी में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में म्यूजिक चल रहा है और मस्ती का माहौल है। हालांकि कांग्रेस ने सफाई में कहा है कि राहुल गांधी एक दोस्त की शादी में गए हैं।

भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ट्विटर हैंडल से वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, 'जब मुंबई पर हमला हुआ था तब भी राहुल एक नाइटक्लब में थे। जब उनकी पार्टी में घमासान छिड़ा है, तब भी वे वहीं हैं। उनमें निरंतरता है।'

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी नेपाल में एक शादी में गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी नरेंद्र मोदी की तरह बिना निमंत्रण के पाक प्रधानमंत्री के यहां केक काटने नहीं गए। उन्होंने कहा कि शादी में जाना अब तक तो अपराध घोषित नहीं हुआ है।

बता दें कि सुरजेवाला का इशारा मोदी के उस दौरे की ओर था जब वे 25 दिसंबर, 2015 को पाक के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के घर गए थे।

राहुल के उक्त वीडियो को हाथोंंहाथ लेते हुए भाजपा नेताओं ने अपने अंदाज में चुटकी ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'लगातार पार्टी, छुट्टियां, प्लेजर ट्रिप, प्राइवेट फॉरेन विजिट आदि अब देश के लिए कोई नई बात नहीं है। एक निजी नागरिक के रूप में कोई मुद्दा नहीं है, लेकिन जब एक सांसद, एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल का स्थायी बॉस जो दूसरों को उपदेश देता रहता है।'

इसी तरह भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया, 'राजस्थान जल रहा है लेकिन राहुल गांधी पार्टी कर रहे हैं। राहुल पार्ट टाइम राजेनता नहीं है बल्कि पार्टी टाइम राजनेता हैं। यह पहली बार नहीं है। याद कीजिए उनका 26/11 के समय पार्टी मोड।'

शहजाद ने एक अन्य ट्वीट में दो तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा- 'संस्कार अपने-अपने।' पहली तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में स्थानीय अधिकारियों को हाथ जोड़कर नमस्कार कर रहे हैं। दूसरे चित्र में राहुल गांधी नाइट क्लब में खड़े हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि राहुल गांधी काठमांडू में म्यांमार के राजदूत की बेटी सुमनीमा उदास की शादी में गए हैं, जो एक चैनल की रिपोर्टर रही हैं।

Google News
Tags:

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News