प्रधानमंत्री मोदी ने हिप्र के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने हिप्र के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने हिप्र के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया

फोटो स्रोत: वीरभद्र सिंह ट्विटर अकाउंट।

नई दिल्ली/भाषा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि सिंह ने राज्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा लोगों की सेवा की।

Dakshin Bharat at Google News
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘वीरभद्र सिंह का लंबा राजनीतिक जीवन रहा जो प्रशासनिक और विधायी अनुभवों से भरा हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लोगों की सेवा की। उनके निधन से दुखी हूं। परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’

वीरभद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार तड़के हिमाचल प्रदेश के शिमला में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। पांच बार सांसद और नौ बार विधायक रहे वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने वीरभद्र सिंह के निधन पर दुख जताया और राज्य के विकास में उनके योगदान को याद किया।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘वीरभद्र सिंहजी सही मायनों में एक कद्दावर नेता थे। जनता और कांग्रेस की सेवा करने की उनकी प्रतिबद्धता आखिर तक अनुकरणीय रही। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।’

प्रियंका वाड्रा ने कहा, ‘राजनीति में विशालकाय पर्वतों-सा कद रखने वाले और देवभूमि हिमाचल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री वीरभद्र सिंहजी के निधन से हम सबको एक अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर श्री वीरभद्र सिंहजी को श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।’

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट किया, ‘हमारे मित्र, छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंहजी के देहांत के समाचार से मन व्यथित है। अच्छे इंसान एवं स्नेही व्यक्तित्व वाले वीरभद्रजी से मेरे निजी संबंध थे। परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।’

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download