राजस्थान व कर्नाटक के लोकसभा प्रत्याशियों ने प्रवासियों से की समर्थन की अपील

राजस्थान से आए भाजपा नेताओं ने मांगा प्रवासियों का साथ

राजस्थान व कर्नाटक के लोकसभा प्रत्याशियों ने प्रवासियों से की समर्थन की अपील

यह प्रवासी स्नेह मिलन आपसी मेलमिलाप, संवाद व लोकसभा चुनाव की भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने हेतु आयोजित किया गया

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। स्थानीय राजाराम आंजणा पटेल संघ के तत्वावधान में समस्त राजस्थानी प्रवासी समाज के सहयोग से मागड़ी रोड स्थित कर्नाटक पटेल भवन में प्रवासी स्नेह मिलन का आयोजन किया गया जिसमें अतिथि के रूप में केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्‍वर गर्ग, राजस्थान के राज्यमंत्री के.के. विश्‍नोई, आहोर के विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, रानीवाड़ा के पूर्व विधायक व लोकसभा चुनाव संयोजक नारायणसिंह देवल, जालोर सिरोही लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लुम्बाराम चौधरी, पचपदरा के विधायक डॉ अरुण चौधरी, जैसलमैर के विधायक छोटूसिंह भाटी, सिरोही जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, सिरोही पालिका के पूर्व चेयरमैन ताराराम माली, उपाध्यक्ष गंगासिंह राठौड़, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक अशोक राजपुरोहित टाइगर, बेंगलूरु सेन्ट्रल लोकसभा के सांसद पी सी मोहन, बेंगलूरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या सहित अनेक भाजपा राजनेता उपस्थित थे।

यह प्रवासी स्नेह मिलन आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आपसी मेलमिलाप, संवाद व लोकसभा चुनाव की भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने हेतु आयोजित किया गया। संघ के सचिव भीमाराम पटेल ने संचालन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा बताई तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया।  सबसे पहले भोमिया राजपूत समाज के वरदसिंह परमार ने भाजपा के राज में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी तथा जालोर से आए भाजपा प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए। पचपदरा के विधायक अरुण चौधरी ने भाजपा के समर्थन में कहा कि आज लगभग पूरे देश में डबल इंजन की सरकारें हैं, हमें भी विकास की राह पर आगे बढ़ना है तो मोदी के हाथ मजबूत करने होंगे। जैसलमेर के विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की आंधी चल रही है, विधानसभा चुनाव के नतीजे उसके साक्षात उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास की गंगा बहाई है और देश विकसित देश की राह पर अग्रसर है। देश के विकास में हम सभी का सहयोग चाहिए और प्रवासियों को अपने वोट की कीमत को पहचानते हुए भाजपा प्रत्याशियों को वोट देना चाहिए। 

आहोर के विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि आज हम यहां अपनों के बीच उपस्थित होकर बहुत खुश हैं और हम आप सभी प्रवासियों को चुनावों का अग्रिम निमंत्रण व पीले चावल देने आए हैं कि आप लोकसभा चुनाव के समय अपनी मातृभूमि राजस्थान पधारें और भाजपा की जीत सुनिश्‍चित करें। प्रवासियों ने पूरे भारत में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया है। आज की सभा में तीन से चार लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी एक मंच पर आपसे समर्थन मांग रहे हैं जो कि प्रवासियों की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने दक्षिण भारत प्रांतों से अधिक से अधिक संख्या में राजस्थान के लिए सीधी ट्रेन चलवाने का आश्‍वासन दिया।

rajasthani2

जालोर के विधायक जोगेश्‍वर गर्ग ने कहा कि आज देश में दो पक्षों की राजनीतिक लड़ाई है। एक पक्ष मोदी को सत्ता से बाहर करना चाहता है और एक पक्ष मोदी सरकार को सत्ता में लाकर ‘गजवा-ए-हिन्द’ को रोकना चाहता है। इसके लिए निर्णय भारत की जनता को करना होगा।  यदि वे देश को गजवा-ए-हिन्द मानसिकता से बचाकर सनातन धर्म की स्थापना करवाना चाहते हैं तो उन्हेें मोदी के हाथ मजबूत करने होंगे। हमें अपने दृष्टिकोण को बदलना होगा, अपने मानसिक कैमरे के फोकस को बदलना होगा। पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल ने कहा कि प्रवासियों के पास वोट की बहुत बड़ी ताकत है और उन्हें सोच समझकर लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी ताकत दिखानी है।

इस मौके पर बेंगलूरु के सांसद पीसी मोहन ने कहा कि प्रवासियों के लिए कर्नाटक उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कांग्रेस राज के भ्रष्टाचार से लेकर मोदी सरकार के विकास नीतियों को गिनाया।  जालोर सिरोही लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्यासी लुम्बाराम चौधरी ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं एक किसान पुत्र हूँ और मोदी सरकार किसान हित की बात करती है। हमें राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन कर मोदी के हाथ मजबूत करने हैं। केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि विकसित भारत देश के लिए प्रवासियों का सहयोग बहुत जरूरी है। आज हम सभी राजनेता राजस्थान से अपने भाइयों, प्रवासियों का आशीर्वाद लेने यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी भारत को हर क्षेत्र में एक नम्बर पर लाने में जुटे हुए हैं। हमें आगामी चुनाव में उनकी पार्टी को जिता कर उनका साथ देना है। सनातन धर्म के सबसे बड़े रक्षक नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को देश की बागडोर फिर से सौंपनी होगी जिसकी जिम्मेदारी प्रवासियों की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के प्रवासी लोग उपस्थित थे।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News