हुब्बली में नड्डा की हुंकार- खोखले नारों का सहारा नहीं लेते, मोदी की गारंटी पर है लोगों का विश्वास

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्नाटक के हुब्बली में जनसभा को संबोधित किया

हुब्बली में नड्डा की हुंकार- खोखले नारों का सहारा नहीं लेते, मोदी की गारंटी पर है लोगों का विश्वास

नड्डा ने कहा कि एक दशक पहले, लोग नेताओं और पार्टियों के प्रति नकारात्मक मानसिकता रखते थे

हुब्बली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कर्नाटक के हुब्बली में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यहां आपके चेहरों को देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि आपने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने का फैसला किया है। यह चुनाव महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा। यह भारत को मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत और स्थिर सरकार देने का चुनाव है।

नड्डा ने कहा कि आपने हमें पहली बार साल 2014 में और फिर 2019 में पूर्ण जनादेश दिया था। आपके वोट के कारण ही हम अनुच्छेद 370 को हटाने, तीन तलाक को अवैध बनाने और अयोध्या में रामलला के लिए भव्य मंदिर बनाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेने में सक्षम हुए।

नड्डा ने कहा कि मोदी ने तुष्टीकरण, वोटबैंक तथा 'फूट डालो और राज करो' की राजनीति को ख़त्म करने का फैसला किया। अब भारत में विकास की राजनीति चल रही है। हम 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' में विश्वास करते हैं। हमने समाज के हाशिए पर रहने वाले और अक्सर उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा में लाकर उन्हें सशक्त बनाने का निर्णय लिया।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के समय केवल पांच राज्यों में मेट्रो नेटवर्क था। वहीं, अब 27 राज्यों में मेट्रो नेटवर्क का संचालन हो रहा है। भारत विश्व स्तर पर सबसे सस्ती और सबसे प्रभावी दवाएं उपलब्ध कराने वाली 'दुनिया की फार्मेसी' बन गया है। आज हमारे पास जो फोन हैं, वे 'मेड इन इंडिया' हैं।

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कर्नाटक को तबाह कर दिया। अपनी तुष्टीकरण की नीतियों के चलते वे राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों की निंदा भी नहीं करते। उनके नेता और साझेदार दक्षिण भारत को एक अलग राष्ट्र बनाने की बात करते हैं और राहुल गांधी इस पर मूकदर्शक बने रहते हैं।

नड्डा ने कहा कि हुब्बली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना (नेहा हिरेमठ हत्याकांड) के सन्दर्भ में, मुख्यमंत्री सिद्दरामैया और राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इसे सामान्य बनाने का प्रयास करते हुए बयान दिए। वे जानबूझकर ऐसे बयान देकर जांच को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि जैसे ही कांग्रेस ने कर्नाटक में सरकार बनाई, उसने मंदिरों पर कर लगाना शुरू कर दिया, हनुमान चालीसा बजाने पर एक व्यक्ति पर हमला हो गया ... उनकी तुष्टीकरण नीति की सीमा क्या है? कांग्रेस एसडीपीआई और पीएफआई का समर्थन क्यों करती है?

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने घोटाले करने के लिए न ज़मीन छोड़ी, न आकाश, न भोजन, न इंटरनेट। इंडि गठबंधन सिर्फ भ्रष्ट नेताओं का एक समूह है, जो या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं।

नड्डा ने कहा कि एक दशक पहले, लोग नेताओं और पार्टियों के प्रति नकारात्मक मानसिकता रखते थे। वहीं, अब लोग सरकार पर भरोसा करते हैं और मोदी की गारंटी पर विश्वास करते हैं। हम कांग्रेस की तरह 'गरीबी हटाओ' जैसे खोखले नारे देने का सहारा नहीं लेते। इसके बजाय, हम अपनी नीतियों के माध्यम से जमीनी हकीकत को बदलने और गरीबी को कम करने के लिए काम करते हैं।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News