डॉक्टरों की हड़ताल में ममता के भतीजे भी शामिल, सोशल मीडिया पोस्ट से जताया विरोध

डॉक्टरों की हड़ताल में ममता के भतीजे भी शामिल, सोशल मीडिया पोस्ट से जताया विरोध

आबेश बनर्जी

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक अस्पताल में मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों द्वारा डॉक्टरों की पिटाई मामले में ​विवाद बढ़ता जा रहा है। इस घटना से आक्रोशित डॉक्टरों ने प. बंगाल में हड़ताल कर दी है। वहीं, अन्य राज्यों के डॉक्टर भी उनका समर्थन कर रहे हैं।

Dakshin Bharat at Google News
इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे आबेश बनर्जी ने भी डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन किया है। आबेश कोलकाता के केपीसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल में पढ़ाई कर रहे हैं। डॉक्टरों के समर्थन में डाली गई उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें वे डॉक्टरों से हिंसक बर्ताव का विरोध कर रहे हैं।

गुरुवार को कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम की बेटी शबा हकीम ने भी हड़ताल कर रहे डॉक्टरों का समर्थन किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मांग की ​थी कि पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में काम कर रहे डॉक्टरों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हड़ताल कर रहे डॉक्टरों को काम पर लौट आने का अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद डॉक्टर नाराज हो गए और इस्तीफे देने लगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कम से कम 43 डॉक्टर इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, अन्य डॉक्टर हड़ताल की राह पर हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के भतीजे भी शामिल हो गए हैं।

डॉक्टरों के साथ हिंसक व्यवहार मामले में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य ​मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी से अनुरोध करते हैं कि इस मामले को अपने सम्‍मान का मुद्दा न बनाएं। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर ममता बनर्जी को पत्र लिखेंगे और बात करने की भी कोशिश करेंगे। डॉ. हर्षवर्धन ने डॉक्‍टरों से अपील की कि वे सांकेतिक हड़ताल कर मरीजों का इलाज जारी रखें।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download