हर घुसपैठिए को करेंगे देश से बाहर, बंगाल-ओडिशा में भी खिलेगा कमल: शाह

हर घुसपैठिए को करेंगे देश से बाहर, बंगाल-ओडिशा में भी खिलेगा कमल: शाह

amit shah in pune

पुणे/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे में शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम सबकी पहचान भाजपा के एक कार्यकर्ता की है। यह कार्यकर्ताओं की पार्टी है, नेताओं की पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनाव जीतने का रहस्य हमारे बूथ की संरचना और बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जातिवाद, तुष्टिकरण, परिवारवाद की राजनीति करने वाले लोग आज भारतीय राजनीति में किनारे पड़े हुए हैं।

Dakshin Bharat at Google News
शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही हमने कई अभेद्य दुर्ग जीते हैं, चाहे वह असम हो, मणिपुर हो या त्रिपुरा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि 55 साल तक राहुल बाबा के परिवार ने शासन किया है, मगर देश में कोई परिवर्तन नहीं आया। मोदी ने सिर्फ 55 महीने में वह काम किया जो कांग्रेस के शासनकाल में नहीं हो सका। कांग्रेस ने 10 साल में किसानों के 53 हजार करोड़ के लोन माफ किए थे। मोदी नई योजना से 10 साल में 75 लाख करोड़ रुपए किसानों को देने वाले हैं।

सर्जिकल स्ट्राइक से बढ़ी धाक
शाह ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और जवान हमारी पहली प्राथमिकता हैं। पहले दुनिया में दो ही ऐसे देश थे जो अपने जवानों का बदला लेने वालों में शामिल थे। एक अमेरिका और दूसरा इजरायल। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद इस सूची में हमारे देश का नाम जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के मात्र एक वर्ष के अंदर ही वर्षों से लटकी ओआरओपी योजना को लागू करने का काम मोदी सरकार ने किया है।

शाह ने कहा कि हम वोटबैंक की राजनीति नहीं करते। हमारे लिए मां भारती की सुरक्षा सर्वोपरि है। 2019 में मोदी की सरकार बनाइए, हम कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और कामरूप से लेकर कच्छ तक एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग 70 हजार करोड़ रुपये के घपले-घोटाले करके भी गांवों तक पानी नहीं पहुंचा पाए थे, लेकिन हमारी सरकार ने मात्र साढ़े 6 हजार करोड़ रुपये खर्च करके 16 हजार गांवों तक पानी पहुंचाया है।

राम मंदिर के लिए कटिबद्ध
शाह ने कहा कि दीन दयालजी की कल्पना का भारत बनाना है, जिसमें हर घर में आधारभूत सुविधाएं हों। इसके लिए एक बार फिर मोदी सरकार बनानी है। विकास का जो अश्वमेध चला है, उससे हम उत्तर प्रदेश में तो जीतेंगे ही, बंगाल और ओडिशा में भी कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि 2019 में महाराष्ट्र में 45 सीटें जिता दीजिए, हम केरल में भी भाजपा की सरकार बना देंगे। शाह ने कहा कि अयोध्या में उसी स्थान पर जल्द से जल्द भव्य राम मंदिर बने, इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है। एनसीपी और कांग्रेस के नेता चुनाव से पहले स्पष्ट करें कि उनकी पार्टी उसी स्थान पर राम मंदिर बनाने के पक्ष में है या नहीं।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download