ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया

'आप' नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर बताया कि मुख्यमंत्री गिरफ्तार हो गए हैं

ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया

Photo: AAPkaArvind FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। दिल्ली के मुख्यमंत्री और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार कर लिया है। 

इस संबंध में 'आप' नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर बताया कि मुख्यमंत्री गिरफ्तार हो गए हैं।

इससे पहले, केजरीवाल के आवास पर ईडी की टीम पूछताछ के लिए पहुंची थी। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कुछ 'आप' कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली पुलिस निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।

आप नेता आतिशी ने कहा कि हमें खबर मिली है कि ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। हमने हमेशा कहा है कि अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। हमने उच्चतम न्यायालय में मामला दायर किया है। हमारे वकील उच्चतम न्यायालय पहुंच रहे हैं। हम आज रात तत्काल सुनवाई की मांग करेंगे।

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विपक्ष के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राज्यसभा सांसद और जेएमएम नेता महुआ माजी ने कहा कि जहां-जहां गैर-भाजपा सरकार है, उन्हीं राज्यों में ये चीजें हो रही हैं।

वहीं, प. बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि आबकारी नीति मामले में कुछ दिन पहले बीआरएस नेता के कविता को भी गिरफ्तार किया गया था। यह इस बात का संकेत था कि आने वाले दिनों में इस मामले में बड़ी गिरफ्तारी होगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल साल 2020-21 से आबकारी नीति मामले लगातार बहाने बना रहे थे और जिस तरह की राजनीतिक नाटकबाजी कर रहे थे उसका आज अंत हो गया है।

राकांपा के राष्ट्रीय- एससीपी के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि यह इंडि गठबंधन के नेताओं में से एक की आवाज को दबाने के लिए एक बहुत ही व्यवस्थित योजना की तरह दिखता है। .

अन्नाद्रमुक के प्रवक्ता कोवई सथ्यन ने कहा कि यह गिरफ्तारी साबित करती है कि भाजपा के लिए तीन सूत्री एजेंडा है। सबसे पहले, जो भी भाजपा का विरोध करता है, उसे सलाखों के पीछे से चुनाव लड़ना चाहिए। दूसरा, जो भी भाजपा का विरोध कर रहा है, उसके पास फंड खत्म हो जाए और वह पार्टी फंड का इस्तेमाल नहीं कर पाए। तीसरा, जो भी जमानत पर बाहर है, भाजपा को उसके साथ गठबंधन करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।

Google News

About The Author

Post Comment

Comment List

Advertisement

Latest News