राजस्थान: भाजपा ने जारी किया चुनाव घोषणा पत्र, 50 लाख नौकरियों का वादा

राजस्थान: भाजपा ने जारी किया चुनाव घोषणा पत्र, 50 लाख नौकरियों का वादा

bjp manifesto

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने घोषणा पत्र पेश किया। राजे ने प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को खूब सराहा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों से तुलना करते हुए कहा कि राजस्थान में पांच साल में कई बड़े कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले घोषणा पत्र के 95 प्रतिशत वादे ​पूरे हुए हैं। कई जगह के 50-55 साल के काम के मुकाबले पिछले पांच साल में ज्यादा काम हुआ है।

Dakshin Bharat at Google News
मुख्यमंत्री राजे ने राजश्री योजना सहित कई योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बच्ची के जन्म पर आर्थिक मदद, कॉलेज शिक्षा के बाद 50 हजार रुपए और स्कूटी-लैपटॉप वितरण, राशन वितरण में पारदर्शिता, बुजुर्गों को पेंशन, स्वास्थ्य बीमा आदि के फायदे बताए। मुख्यमंत्री राजे ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख ​करते हुए बताया कि करीब 13 लाख विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में लौटे हैं। पांच साल की अवधि में सात मेडिकल कॉलेज, दो कौशल विकास विश्वविद्यालय खोले गए हैं। वहीं 1,100 आईटीआई खुले हैं। राजे ने भामाशाह योजना से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलने की बात ​कही।

मुख्यमंत्री राजे ने बताया कि पिछले घोषणापत्र में 665 वादे किए थे, जिनमें से 630 पूरे हुए। उन्होंने किसानों का 50 हजार रुपए तक का कर्ज माफ करने का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि टिकट बांटने से लेकर घोषणा पत्र जारी करने तक में भाजपा आगे है।

इन पर रहा जोर
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र को राजस्थान गौरव संकल्प-2018 नाम दिया है। इसमें किसान स्टार्ट अप के लिए 250 करोड़ रुपए के फंड का ऐलान किया गया है। इसके अलावा हर जिले में एक योग भवन, किसानों के लिए ऋण राहत आयोग, शिक्षित बेरोजगारों को 5,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता, 6,100 करोड़ रुपए से जवाई बांध में पानी की घोषणा हुई है।

भाजपा ने अरब सागर से पानी लाने, हर साल 30,000 सरकारी नौकरी देने, 50 लाख नौकरी, भगवान परशुराम बोर्ड बनाने और घुमंतू जाति बोर्ड बनाने की बात भी कही है। इसके अलावा किसानों को फसलों की लागत का डेढ़ गुना भाव दिलाने के लिए एमएसपी खरीद की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ करने पर जोर देने की घोषणा की है।

भाजपा ने लघु व सीमांत किसानों को कृषि हेतु मशीनरी व उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कस्टम हायरिंग योजना का विस्तार, फलों एवं सब्ज़ियों के क्षेत्र को 2023 तक पचास प्रतिशत बढ़ाने के लिए कृषकों को प्रोत्साहन, सिंचित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए फरवरी 2012 से लम्बित 2 लाख 50 हज़ार कृषि कनेक्शन आवेदनों का निस्तारण करके सिंचाई सुविधा देने के लिए कहा है।

भाजपा ने गिरदावरी रिपोर्ट तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध कराने, सिंचाई के लिए 13 जिलों को जोड़ने वाली ईस्टर्न राजस्थान केनाल परियोजना से वंचित गांवों को यमुना से जोड़ने का कार्य पूरा करने, सेना भर्ती शिविरों को नियत तिथि से तीन माह पूर्व युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए प्रत्येक उपखंड पर प्रशिक्षण केंद्र खोलने का ऐलान किया है। इसके अलावा यूनिवर्सल हैल्थ इंश्योरेंस की दिशा में कारगर कदम उठाए जाने की बात कही है।

भाजपा ने सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों को 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा से जोड़ने का जिक्र किया है। साथ ही योग बोर्ड, भगवान परशुराम बोर्ड, राजस्थान वैदिक स्टडीज बोर्ड, असंगठित श्रमिकों के कल्याण के लिए भी पृथक श्रम कल्याण बोर्ड, स्वर्ण कला बोर्ड, रजत कला बोर्ड, काष्ठ कला बोर्ड, आर्थिक पिछड़ा वर्ग विकास आयोग के गठन की घोषणा की है।

पार्टी ने कहा कि अरब सागर के पानी को गुजरात होते हुए सांचौर व जालौर तक लाकर कृत्रिम इनलैंड पोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा सभी जिलों को आपस में जोड़ने के लिये चार लेन का ‘राजस्थान माला’ हाईवे चरणबद्ध रूप से बनाया जाएगा। 250 से अधिक आबादी के 100 प्रतिशत गांवों/बस्तियों को सड़क सम्पर्क से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इसे राजस्थान के भविष्य का रोडमैप बताया। उन्होंने राजस्थान सरकार की उपलब्धियों की तारीफ की।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download