मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा: नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिप्र के कांगड़ा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया

मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा: नड्डा

'मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति, परिभाषा और रंग-ढंग बदल डाले हैं'

कांगड़ा/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पार्टी की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां जो उत्साह, उमंग और ऊर्जा देख रहा हूं, वह मुझे आश्वस्त कर रहा है कि कांगड़ा की पवित्र धरती ने राजीव भारद्वाज को आशीर्वाद देने का मन बना लिया है।

Dakshin Bharat at Google News
नड्डा ने कहा कि मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना और उनके नेतृत्व में देश को विकसित भारत की ओर ले जाने के संकल्प को पूरा करने का काम हम एक जून को करने वाले हैं। हमने मोदी के 10 साल के शासन में भारत की राजनीति को बदलते हुए देखा है। मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति, परिभाषा और रंग-ढंग बदल डाले हैं और भारत को 'महान भारत' की ओर ले जाने का रास्ता प्रशस्त किया है।

नड्डा ने कहा कि आज दुनिया की अर्थव्यवस्था डगमगा रही है, लेकिन मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर से छलांग लगाकर 5वें नंबर पर आ गई है। मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के 3 साल के अंदर भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

नड्डा ने कहा कि आज दुनिया में भारत दूसरे नंबर का दवा निर्यातक बन गया है। दुनिया की सबसे सस्ती और असरदार दवा आज भारत में बन रही है।

नड्डा ने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों के लिए 4 करोड़ पक्के घर बन चुके हैं। ये सभी सुविधाओं से युक्त हैं। मोदी ने संकल्प लिया है कि अगले 5 साल में हम 3 करोड़ घर और बनाएंगे, कोई पक्की छत के बिना नहीं रहेगा।

नड्डा ने कहा कि आज भारत में 10 करोड़ 74 लाख परिवारों के 50 करोड़ गरीब लोगों को प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया है। जिसमें हर साल 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज होता है।

नड्डा ने कहा कि अब मोदी ने संकल्प लिया है कि देश का कोई भी व्यक्ति, जिसकी उम्र 70 वर्ष से अधिक होगी, उन सभी को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 5 लाख रुपए तक का आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा।

नड्डा ने कहा कि हिमाचल में 400 करोड़ रुपए की लागत से आईआईएम बन रहा है। आज मोदी के आशीर्वाद से हिमाचल में 5 साल के अंदर एम्स बनकर तैयार हुआ है।

नड्डा ने कहा कि 'घमंडिया गठबंधन' सिर्फ दो बातों का अलायंस है- ये सब परिवारवादी पार्टियां हैं, इन्हें आपसे कोई लेना-देना नहीं है। मोदी कहते हैं- भ्रष्टाचार हटाओ, ये कहते हैं- भ्रष्टाचारियों को बचाओ।

नड्डा ने कहा कि आजकल राहुल गांधी संविधान लेकर घूम रहे हैं। हमारे संविधान में बाबा साहेब अंबेडकर ने लिखा था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा, लेकिन इनकी सरकार ने आंध्र प्रदेश में 4 बार धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कोशिश की। कर्नाटक में इनकी सरकार पिछड़ों का आरक्षण छीनकर एक समुदाय को देने की कोशिश कर रही है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download