कांग्रेस ने हरियाणा को जातिवाद और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दिया: शाह

अमित शाह ने महेंद्रगढ़ में 'पिछड़ा वर्ग सम्मान' सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब हमला बोला

कांग्रेस ने हरियाणा को जातिवाद और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दिया: शाह

Photo: @BJP4India X account

महेंद्रगढ़/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 'पिछड़ा वर्ग सम्मान' सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पिछड़ा वर्ग ने हमेशा भाजपा को आशीर्वाद दिया है। अब भाजपा का कर्तव्य बनता है कि जितना आपने किया है, उससे ज्यादा कार्य करके हम आपके पास आएं।

Dakshin Bharat at Google News
शाह ने कहा कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में 8 प्रतिशत आरक्षण जस का तस रहेगा और ग्रुप बी को 5 प्रतिशत आरक्षण ज्यादा मिलेगा। ये तीनों निर्णय प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को लागू करने वाले हैं।

शाह ने कहा कि अब तक पंचायतों में जो आरक्षण था, उसको भी बदलने का फैसला लिया गया है। पंचायतों में अब तक 8 प्रतिशत आरक्षण ग्रुप ए के लिए था, उसके साथ 5 प्रतिशत आरक्षण ग्रुप बी के लिए भी आज से शुरू हो जाएगा। इससे हरियाणा की जनता के एक बहुत बड़े हिस्से को आरक्षण का फायदा मिलेगा।

शाह ने कहा कि नायब सिंह की कैबिनेट ने तीन निर्णय लिए हैं - क्रीमी लेयर की लेयर की सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख कर दी गई है। इन 8 लाख में तनख्वाह और कृषि की आय भी नहीं गिनी जाएगी। अब हर ओबीसी बच्चे को फायदा मिलेगा।

शाह ने कहा कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद पूरे देश से कहा था कि मेरी यह सरकार दलितों, गरीबों और पिछड़ों की सरकार है। देश को पहला सशक्त पिछड़े वर्ग का प्रधानमंत्री देने का काम भाजपा ने किया है। 71 में से 27 मंत्री पिछड़े वर्ग से देकर नरेंद्र मोदी ने हरियाणा और देश के ओबीसी का सम्मान करने का काम किया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पिछड़ा वर्ग की विरोधी रही है। साल 1957 में ओबीसी आरक्षण के लिए काका कालेलकर कमीशन बना, लेकिन कांग्रेस ने सालों तक इसे लागू नहीं किया।

साल 1980 में इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन को ठंडे बस्ते में डाल दिया ​था। साल 1990 में जब लाया गया, तब राजीव गांधी ने 2 घंटे 43 मिनट तक भाषण करके ओबीसी के आरक्षण का विरोध किया था।

शाह ने कहा कि भाजपा ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देकर आपको संवैधानिक अधिकार देने का काम मोदी के नेतृत्व में किया। केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और नीट की परीक्षाओं में 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम पहली बार हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने किया।

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा को जातिवाद और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दिया। कांग्रेस की सरकारें बनती थीं तो एक सरकार के आने पर भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंचता था, दूसरी सरकार आती थी तो गुंडागर्दी चरम सीमा पर पहुंचती थी। एक सरकार एक जिले का विकास करती थी और दूसरी सरकार दूसरे क्षेत्र का विकास करती थी। जबकि भाजपा ने संपूर्ण हरियाणा का विकास करने वाली सरकार देने का काम किया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में पिछड़े वर्ग का आरक्षण छीनकर एक समुदाय को देने का काम किया है। अगर ये यहां भी आ गए तो यही करेंगे। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम हरियाणा में किसी भी हालत में ऐसा लागू नहीं होने देंगे।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download