हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी भाजपा में शामिल

हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी भाजपा में शामिल

सपना चौधरी

नई दिल्ली/भाषा। हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। सपना ने दिल्ली भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

Dakshin Bharat at Google News
दिल्ली में भाजपा के सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा का सदस्य सैनिक की तरह है। जिस तरह से सैनिक सीमा पर देश के लिए लड़ता है, उसी तरह से भाजपा का सदस्य पार्टी की नीतियों और विचारधारा को फैलाने और अराजक लोगों से लड़ने के लिए हमेशा तत्पर रहता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है। संगठन को मजबूत करने के लिए शुरू किया गया यह अभियान बूथ स्तर पर चलाकर हर बूथ को मजबूत करके आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा।

सदस्यता अभियान के दौरान सपना के अलावा भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए भारतीय रेल सेवा के अधिकारी गजानन शर्मा, दिल्ली पुलिस में डीसीपी पद से सेवा सेवानिवृत्त हुए एनएन राव के अलावा भारतीय राजस्व सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी लव सक्सेना एवं कर्नल प्रतीक सिंह भी भाजपा में शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि सपना चौधरी ने लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी किया था। वे दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के रोड शो में भी नजर आई थीं। इसके बाद से अटकलें लगने लगी थीं कि सपना चौधरी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

चौहान ने कहा कि सदस्य बनाने में भारतीय जनता पार्टी एक नया इतिहास रचेगी। यह सदस्यता अभियान सरकार बनाने का नहीं, बल्कि एक वैभवशाली, एक गौरवशाली, एक समृद्धशाली भारत के निर्माण का अभियान है।

शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर दिल्ली के तिलक नगर में हाथ ठेला चलाकर अपनी तीन संतानों को अच्छी शिक्षा देकर दूसरों के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत करने वाले अखिलेश के भाजपा में शामिल होने का भी उल्लेख किया।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download