भाजपा जीत को सहर्ष स्वीकार करती है और हारने पर जनादेश का सम्मान करती है: राकेश सिन्हा

भाजपा जीत को सहर्ष स्वीकार करती है और हारने पर जनादेश का सम्मान करती है: राकेश सिन्हा

भाजपा नेता राकेश सिन्हा

नई दिल्ली/भाषा। दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान में भाजपा के लिए उम्मीद के मुताबिक परिणाम सामने नहीं आने पर पार्टी के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा चुनावी जीत को सहर्ष स्वीकार करती है और हारने पर जनादेश का सम्मान करती है।

Dakshin Bharat at Google News
भाजपा के राज्यसभा सदस्य सिन्हा ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं को बताया, भाजपा जीत को सहर्ष स्वीकार करती है, जब हम हारते हैं तो जनादेश का सम्मान करते हैं। दिल्ली में जो चुनाव परिणाम अभी तक आ रहे हैं, हम उनका भी अभिनंदन करते हैं।

सिन्हा ने कहा कि यह परिणाम उन पार्टियों के लिए एक संकेत है जो हारने पर हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हैं। उन्होंने कहा, कल्पना कीजिये कि अगर यह रुझान उल्टे होते तो आरोप लगता कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसलिये मेरा मानना है कि संख्यात्मक रूप से आप भले ही जीत जाएं लेकिन गुणात्मक रूप से आप हार गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, एक राष्ट्रीय पार्टी के लिए हार और जीत सामान्य बात होती है, जबकि क्षेत्रीय दलों के लिए चुनावी हार—जीत, जन्म—मरण का सवाल होती है। राष्ट्रीय दल होने के नाते पंचायत से लेकर संसद तक के सभी चुनाव में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष एक कार्यकर्ता की तरह ही मेहनत करते हैं। इसलिए इस परिणाम से हमें हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। हम मिल— बैठकर समीक्षा करेंगे कि हमें दिल्ली में अपेक्षित परिणाम क्यों नहीं मिला।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतगणना के दस चरण पूरे होने तक 57 सीटों पर आप और 13 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को मतदान हुआ था।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download