स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भाजपा में शामिल, मोदी को बताया प्रेरणास्रोत

स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भाजपा में शामिल, मोदी को बताया प्रेरणास्रोत

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए साइना नेहवाल

नई दिल्ली/भाषा। ओलंपिक पदक विजेता दुनिया की पूर्व नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए अपनी कड़ी मेहनत से उन्हें प्रेरित किया है।

Dakshin Bharat at Google News
भाजपा मुख्यालय पर एक समारोह में पार्टी में शामिल होने वाली नेहवाल ने कहा कि भाजपा देश के लिए काफी काम कर रही है और वह सदस्य के तौर पर अपनी भूमिका निभाएंगी।

केंद्र सरकार की नीतियों की अक्सर ट्विटर पर सराहना करने वाली साइना ने पत्रकारों से कहा कि वह खुद कड़ी मेहनत करने वाली खिलाड़ी हैं और मेहनती लोगों को पसंद करती हैं।

उन्होंने कहा, मैं खुद कड़ी मेहनत करती हूं और मुझे मेहनती लोग पसंद हैं। नरेंद्र मोदी सर देश के लिए दिन—रात काम कर रहे हैं। मैं यदि उनके साथ कुछ काम कर सकी तो यह मेरा सौभाग्य होगा। मैं मोदी सर से काफी प्रेरणा लेती हूं। वे मेरे प्रेरक हैं।

दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना ओलंपिक कांस्य समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीता था। उनकी बड़ी बहन चंद्रांशु नेहवाल ने भी उनके साथ भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने पत्रकारों से कहा कि साइना ने कई खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, वे प्रेरणा देने वाली शख्सियत हैं।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी दिल्ली चुनाव अभियान में उन्हें उतार सकती है। उन्हें युवा आइकन के रूप में पेश करके युवाओं के बीच पैठ बनाने की कोशिश की जाएगी। साइना ने बाद में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download