एकता को देश की ढाल बनाना है, हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे: मोदी

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के ठाणे में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

एकता को देश की ढाल बनाना है, हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे: मोदी

Photo: @BJP4India X account

ठाणे/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया है। यह केवल मराठी और महाराष्ट्र का सम्मान नहीं है, बल्कि यह उस परंपरा का सम्मान है, जिसने इस देश को ज्ञान, दर्शन, अध्यात्म और साहित्य की समृद्ध संस्कृति दी है। मैं इसके लिए देश और दुनिया में मराठी बोलने वालों को बधाई देता हूं।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि ठाणे से बाला साहेब ठाकरे का खास लगाव था। यह स्व. आनंद दिघे का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। आज हम इन विकास कार्यों के जरिए इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य है, 'विकसित भारत', इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना 'विकसित भारत' के लिए समर्पित है। मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया, 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपए बढ़ गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर कांग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं, उन्हें जब भी मौका मिलता है, वे विकास के काम को ठप कर देते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप पिछले एक हफ्ते का हाल देख लीजिए। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री का जमीन घोटाले में नाम आया है। उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं। उनको अपमानित कर रहे हैं। हरियाणा में कांग्रेस का एक नेता ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सरकार बनने पर जनता के शोषण के नए-नए तरीके खोजती है। आए दिन नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना ही इनका एजेंडा है।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कांग्रेस का चरित्र नहीं बदलता। हिमाचल में तो कांग्रेस सरकार ने हद ही कर ही है। वहां कांग्रेस सरकार ने टॉयलेट टैक्स लगाया है। एक ओर मोदी कह रहा है- टॉयलेट बनाओ और ये कह रहे हैं- हम टॉयलेट पर टैक्स लगाएंगे, यानी कांग्रेस लूट और फरेब का पूरा पैकेज है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है, हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस का असली रंग खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस को अब अर्बन नक्सल का गैंग चला रहा है। पूरी दुनिया में जो लोग भारत को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, कांग्रेस अब खुलकर उनके साथ खड़ी है। इसलिए अपनी घोर असफलता के बावजूद कांग्रेस सरकार बनाने का सपना देख रही है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download